9 अगस्त को जौनपुर में होगा चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

9 अगस्त को जौनपुर में होगा चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
सिटी क्राइम रिपोर्टर
अनुराग श्रीवास्तव
जौनपुर। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा मीरा वेलफेयर फाउंडेशन, जौनपुर के सहयोग से चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन 9 अगस्त 2026 (रविवार) को मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद के लगभग 70 विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ी अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में ऋषि योगा संस्थान, गोसाई मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संस्था की अध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक रजनी साहू ने बताया कि योगासन आज केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभरता हुआ प्रतिस्पर्धात्मक खेल है। जनपद की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुँचाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास योग के माध्यम से सहज रूप से होता है। यही कारण है कि विद्यालयों में योग के प्रति लगातार रुचि बढ़ रही है।
रजनी साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में 8 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएँ अलग-अलग वर्गों में प्रतिभाग करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक बच्चों को इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि जौनपुर की प्रतिभाएँ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजागरूकता फैलाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया के सहयोग से योग एवं खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
इस अवसर पर संस्था की महासचिव डॉली गुप्ता, सचिव मधु गुप्ता, इंदिरा जायसवाल, कोषाध्यक्ष रचित साहू, सहकार भारती जौनपुर के अध्यक्ष कुँवर प्रदीप सिंह रिंकू, रामजी साहू, तनुष्का साहू सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

— भवदीय —
रजनी साहू अध्यक्ष
डॉली गुप्ता महासचिव
योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन
मीरा वेलफेयर जौनपुर उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *