9 अगस्त को जौनपुर में होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

9 अगस्त को जौनपुर में होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

जौनपुर, 6 अगस्त। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन के तत्वावधान तथा मीरा वेलफेयर फाउंडेशन, जौनपुर के सहयोग से चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन 9 अगस्त को मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद के लगभग 70 विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ी अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इसकी जानकारी बुधवार को ऋषि योगा संस्थान, गोसाई मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की अध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक रजनी साहू ने दी। उन्होंने कहा कि योगासन अब केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभरता हुआ प्रतिस्पर्धात्मक खेल बन चुका है। प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
रजनी साहू ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जिससे विद्यालयों में इसके प्रति लगातार रुचि बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 8 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं विभिन्न वर्गों में प्रतिभाग करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार, मेडल तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के विद्यालयों, अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे जौनपुर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग एवं खेल संस्कृति के प्रचार-प्रसार में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर संस्था की महासचिव डॉली गुप्ता, सचिव मधु गुप्ता, इंदिरा जायसवाल, कोषाध्यक्ष रचित साहू, सहकार भारती जौनपुर के अध्यक्ष कुँवर प्रदीप सिंह रिंकू, रामजी साहू, तनुष्का साहू सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *