ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के नागरिकों के लिए राहतभरी खबर है। नोएडा अथॉरिटी ने शहर में सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के साथ मिलकर 50 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया है।
ये बसें चार प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी, जो सेक्टर-90 डिपो और बोतनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर चौक), जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट , सेक्टर-62, फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र और सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।
इस परियोजना के तहत सेक्टर-90 बस डिपो में आधुनिक सुविधाओं के साथ 20 चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जहां एक साथ 50 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड पर अतिरिक्त चार्जिंग प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे।
बसों का संचालन UPSRTC द्वारा निर्धारित किराए पर किया जाएगा, जबकि संचालन में होने वाले संभावित घाटे की भरपाई नोएडा प्राधिकरण करेगा।
इस पहल से शहर में इंटरसिटी कनेक्टिविटी बेहतर होगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है। खासकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।

