नोएडा में जमीन विवाद मामले में हुई बड़ी कार्रवाई, सेक्टर-113 थाना प्रभारी समेत दो अधिकारी हटाए गए

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले ने पुलिस प्रशासन में हलचल मचा दी है। शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिस अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर शिकायत की गई थी, जिसे राजनीतिक माध्यम से प्रदेश स्तर तक पहुंचाया गया। मामला लखनऊ मुख्यालय तक पहुंचने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने देर रात कार्रवाई करते हुए सेक्टर-113 थाना प्रभारी विपिन कुमार यादव और क्राइम ब्रांच निरीक्षक यतेंद्र यादव को उनके वर्तमान पदों से हटा दिया। विपिन यादव पर संबंधित मामले में लापरवाही और पक्षपात के आरोप लगे थे। उन्हें थाने से हटाकर अपराध शाखा में संबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले पर हाल ही में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में भी चर्चा हुई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। शिकायत के मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए नोएडा पुलिस को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
फिलहाल सेक्टर-113 थाने पर नए थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही नई तैनाती की संभावना जताई जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद आंतरिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर विस्तृत टिप्पणी से परहेज किया जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट संकेत हैं कि जमीन विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *