*Delhi Murder Case: कोहनी टकराने पर नाबालिग की हत्या
दिल्ली ब्यूरो चीफ: पी अस्थाना
नई दिल्ली: मैदानगढ़ी स्थित भाटी माइंस इलाके में मामूली विवाद के बाद 14 वर्षीय स्टूडेंट की हत्या कर दी गई। आरोप है कि कोहनी टकराने पर हुए झगड़े के बाद दो नाबालिग उसे बहाने से जंगल में ले गए और पत्थर से हमला करने के बाद गला घोंटकर मार डाला। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया है। हालांकि, परिवार ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन भी किया। बाद में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। परिवार का कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस के मुताबिक आयुष 9वीं के स्टूडेंट थे और परिवार के साथ संजय कॉलोनी, भाटी माइंस में रहते थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर से कोल्ड ड्रिंक और नमकीन लेने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। परिवार ने कुछ पता नहीं चलने पर मैदानगढ़ी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
आरोपियों ने बताया कि घर से निकलते समय रास्ते में आयुष की कोहनी इलाके के ही एक नाबालिग (एक आरोपी) से टकरा गई थी, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। उस नाबालिग ने अपने एक साथी को बुला लिया। बाद में दोनों ने समझौते का दिखावा किया और मरे मरे हुए कुत्ते को दफनाने का बहाना बनाकर आयुष को जंगल की ओर ले गए। वहां पहले उस पर पत्थर से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

