महीनों से अंधेरे में सैकड़ों घर, विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा*

महीनों से अंधेरे में सैकड़ों घर, विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा*

सुलतानपुर।
बल्दीराय तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौरा बारामऊ के बरामऊ गांव में हलियापुर सर्विस स्टेशन के पिपरी फीडर से होने वाली विद्युत आपूर्ति पिछले कई महीनों से ठप पड़ी है। बिजली न मिलने से सैकड़ों ग्रामीण भीषण गर्मी में अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। समस्या से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पहले 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था, जो लंबे समय से खराब पड़ा है। बाद में गांव की बढ़ती जरूरत को देखते हुए 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत हुआ और उसके लिए खंभे भी लगा दिए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि नया ट्रांसफार्मर गांव तक पहुंचने के बाद भी तकनीकी खराबी बताकर वापस ले जाया गया और आज तक नहीं लगाया गया। खराब ट्रांसफार्मर खंभे पर केवल शोपीस बनकर लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित जेई हलियापुर को फोन कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को जब जेई से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन भी नहीं उठा। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।
बिजली न होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रातें अंधेरे में गुजर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
मामले की जानकारी ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद ताहिर को दूरभाष के माध्यम से दी। विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एक्सईएन से बात कर जल्द ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। इस पर एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि दो से तीन दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर गांव की विद्युत व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर समस्या से अवगत कराया।
इस दौरान अजीत सिंह, राजकरन सिंह, मोहब्बत अली, रसीद, चांद बाबू, शिवबालक, इजरायल, रियासत, शिव कुमारी, अक्लीमुनिश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *