शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं ब्रह्माकुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र साई का पूरवा, दर्शन नगर, अयोध्या के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा सराहनीय कार्य

    बी.के. मुकेश भाई द्वारा की गई अनोखी पहल : रामराज्य संकल्प वृक्ष कोविदार लगाकर नशा-मुक्त अभियान के साथ सनातन धर्म और पर्यावरण संरक्षण को किया जा रहा मजबूत

    शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं ब्रह्माकुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र साई का पूरवा, दर्शन नगर, अयोध्या के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा सराहनीय कार्य

    देश की उपासना ब्यूरो

    अयोध्या। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू के अधीन संचालित राजयोग सेवा केंद्र साई का पूरवा, दर्शन नगर के संचालक बी.के. मुकेश भाई एवं शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में रामराज्य संकल्प वृक्ष, जिसे कोविदार वृक्ष के रूप में जाना जाता है, का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, नशा-मुक्त जीवन तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इस पुनीत अभियान में प्रमुख रूप से इंजीनियर रवि तिवारी जी की तीक्ष्ण बुद्धि एवं सक्रिय सहयोग के साथ श्री चंद्रशेखर तिवारी एवं प्रवीण भाई का भी महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हो रहा है। साथ ही ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू के वरिष्ठ भाई बहनों का पूरा सहयोग मिल रहा है।

    बताया जाता है कि रामराज्य संकल्प वृक्ष कोविदार, जिसे प्राचीन काल में भगवान श्रीराम के राज्य के प्रतीक चिन्ह के रूप में अयोध्या के राजध्वज में स्थान प्राप्त था, त्रेता युग के पश्चात धीरे-धीरे विलुप्त हो गया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आध्यात्मिक प्रेरणा एवं सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित दृष्टिकोण के फलस्वरूप इस वृक्ष की पुनः पहचान हुई और इसे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की ध्वज पताका में भी स्थान दिया गया। इसी प्रेरणा से अयोध्या को नशा-मुक्त बनाने तथा सनातन धर्म को सशक्त करने के उद्देश्य से इस कोविदार वृक्ष को जनपद की सभी 963 ग्राम पंचायतों में लगाने का संकल्प लिया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रामराज्य संकल्प अभियान को भी बल मिल सके।

    देश की उपासना समाचार पत्र एवं डीकेयू लाइव चैनल के ब्यूरो चीफ सुरेंद्र कुमार को जानकारी देते हुए बी.के. मुकेश भाई ने बताया कि वर्ष 2026 में कुल 2000 कोविदार वृक्ष पवित्र व्यक्तियों के पवित्र हाथों एवं पवित्र धन से लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 300 ग्राम पंचायतों में रामराज्य संकल्प वृक्ष कोविदार का वृक्षारोपण किया जा चुका है तथा अगस्त 2026 के अंत तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। उनका कहना था कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अयोध्या को नशा-मुक्त बनाना, रामराज्य की अवधारणा को साकार करना तथा सनातन धर्म की स्थापना को और अधिक बल प्रदान करना है। साथ ही, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर लोगों को आध्यात्मिक विकास की मुख्य धारा से जोड़ना भी इसका उद्देश्य है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सुख, शांति और आनंद का अनुभव कर सके।

    बी.के. मुकेश भाई ने अपने हाथों में रामराज्य संकल्प वृक्ष कोविदार का पौधा दिखाते हुए बताया कि इस अभियान की शुरुआत सर्वप्रथम राजयोग सेवा केंद्र साई का पूरवा, दर्शन नगर, अयोध्या से की गई थी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनपद के प्रमुख स्थलों तथा सभी ग्राम पंचायतों में इस वृक्ष का रोपण कराया जाएगा।

    इस संबंध में बी.के. मुकेश भाई एवं शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट अयोध्या के पदाधिकारियों ने आम जनमानस से अपील की है कि वे रामराज्य संकल्प वृक्ष कोविदार के वृक्षारोपण अभियान में भागीदार बनें तथा नशा-मुक्त अयोध्या के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। उनका कहना है कि यदि अयोध्या के नागरिक इस अभियान से जुड़ते हैं तो भगवान श्रीराम की पावन नगरी को नशा-मुक्त, पर्यावरण-सुरक्षित एवं आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाने का संकल्प अवश्य पूर्ण होगा। यही ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट अयोध्या का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *