थाना परिसर के हनुमान मंदिर में प्रेमी युगल ने लिए सात फेरे, परिजनों की सहमति से हुआ विवाह

थाना परिसर के हनुमान मंदिर में प्रेमी युगल ने लिए सात फेरे, परिजनों की सहमति से हुआ विवाह

 

 

जौनपुर,11 जून। यूपी के जौनपुर में सरपतहा थाना अंतर्गत प्रेम संबंध को विवाह का मुकाम दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे एक प्रेमी युगल का बुधवार को थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में परिजनों की सहमति से विवाह संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिजन, शुभचिंतक और ग्रामीण मौजूद रहे तथा नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव निवासी विकास बिंद और सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरानीपट्टी कटघरा गांव निवासी रजनी बिंद के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जाता है कि रजनी अपने ननिहाल जंगीपुर आई थी, जहां दोनों की मुलाकात हुई। बाद में दोनों ने एक ही कॉलेज में पढ़ाई शुरू की, जिससे उनका प्रेम और गहरा हो गया।

जब परिजनों को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उन्हें अलग करने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रेमी युगल विवाह करने की जिद पर अड़ा रहा। मामला थाने तक पहुंचा, जहां कई दौर की पंचायत और समझौता वार्ता हुई। दोनों की दृढ़ इच्छा और आपसी सहमति को देखते हुए आखिरकार परिवार के लोग विवाह के लिए तैयार हो गए।

बुधवार को थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दोनों परिवारों की मौजूदगी में विकास और रजनी ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंध गए। विवाह के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने नवदंपती को सुखद और सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं

दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *