हरिहरात्मक महायज्ञ की तैयारी को लेकर हुई बैठक, भव्य,दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने पर हुई चर्चा
गड़वार(बलिया)
श्री जंगली बाबा धाम,गड़वार में मंगलवार को संत शिरोमणि श्री जंगली बाबा के निर्वाण शताब्दी वर्ष के अवसर पर आगामी 28 अक्टूबर से 7 नवम्बर तक आयोजित होने वाले हरिहरात्मक महायज्ञ की तैयारियों को लेकर एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महायज्ञ को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रामभद्र बालक बाबा ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा,आस्था और सच्चे मन से यज्ञ में भाग लेने से मानव जीवन में सुख,शांति और समृद्धि का संचार होता है। बैठक के दौरान श्री जंगली बाबा धाम सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक आचार्य पं.राहुल उपाध्याय ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यजमान बनाने तथा आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विचार विमर्श किया। वहीं उपस्थित लोगों से महायज्ञ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील भी की गई। बैठक में अतुल कृष्ण शांडिल्य,सौरभ कुमार,झूलन भैया, मदन लाल,रोहित श्रीवास्तव,संजय सिंह,स्वाधीन गुप्ता, जयप्रकाश वर्मा,श्रीनाथ उपाध्याय, इंद्रजीत चौबे,ज्ञान प्रकाश पाण्डेय,अश्विनी पाण्डेय,सुधांशु उपाध्याय, लल्लन गुप्ता,आनंद सिंह,मन्नु गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु जन मौजूद रहे।

