डिज़ाइन की दुनिया से रूबरू हुए जयपुरिया गोयल कैम्पस के विद्यार्थी

डिज़ाइन की दुनिया से रूबरू हुए जयपुरिया गोयल कैम्पस के विद्यार्थी

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, गोयल कैंपस में भंवर राठौड़ डिज़ाइन स्टूडियो (BRDS) के सहयोग से कक्षा IX से XI के विद्यार्थियों के लिए डिज़ाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी पर आधारित एक प्रेरणादायी करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिज़ाइन के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक करियर की संभावनाओं से परिचित कराना तथा उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यशाला का संचालन श्री संचित वर्मा( डिप्टी रीजनल डायरेक्टर ,बी. आर. डी. एस) तथा श्री शुभम गुप्ता( फैकल्टी, बी. आर. डी. एस) ने किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को फैशन डिज़ाइन, प्रोडक्ट डिज़ाइन, UI/UX डिज़ाइन, इंटीरियर डिज़ाइन, कम्युनिकेशन डिज़ाइन और एनीमेशन जैसे उभरते हुए क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज डिज़ाइन केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि नवाचार, तकनीक और रचनात्मक सोच पर आधारित एक सशक्त एवं वैश्विक करियर विकल्प बन चुका है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को डिज़ाइन एप्टीट्यूड, पोर्टफोलियो निर्माण, रचनात्मक सोच के विकास तथा प्रमुख राष्ट्रीय डिज़ाइन प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक ने कहा, “रचनात्मकता ही नवाचार की आधारशिला है। विद्यार्थियों को विविध करियर विकल्पों से परिचित कराना उन्हें अपनी क्षमता पहचानने, बड़े सपने देखने और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने की प्रेरणा देता है।”
कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डिज़ाइन जगत के विविध आयामों को निकट से समझा तथा कल्पनाशीलता, नवाचार और सृजनात्मकता को अपने करियर का आधार बनाने के लिए प्रेरणा प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *