श्रावण मास शुरू होते ही सारनाथ महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था, मूलभूत सुविधाओं की मांग
जौनपुर। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही बक्शा थाना क्षेत्र के उतरिजपुर स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं स्वयंभू सारनाथ महादेव मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मंदिर की संरक्षिका एवं पुजारीन माला शुक्ला ने बताया कि श्रावण मास प्रारंभ होते ही श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आगामी शनिवार और सोमवार को कांवड़ियों एवं शिवभक्तों की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है, जो पूरे श्रावण मास तक बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में शौचालय, पक्की सड़क, जल निकासी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बारिश के कारण परिसर में कीचड़ और जलभराव होने से श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं परिसर में स्थापित हाईमास्ट लाइट कई महीनों से खराब पड़ी है, जिससे रात्रि के समय दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
माला शुक्ला का कहना है कि मंदिर की समस्याओं से कई बार जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो किसी अधिकारी ने मंदिर का निरीक्षण किया और न ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर में शौचालय, सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाएं तो दूर-दराज से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और मंदिर की गरिमा एवं धार्मिक महत्व के अनुरूप विकास भी सुनिश्चित होगा।

