ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 7 अगस्त 2026
आमजन, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को घर बैठे सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नोएडा लोक मंच ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नोएडा लोक मंच के निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र तथा फेलिक्स हॉस्पिटल, नोएडा के संयुक्त सहयोग से ऑनलाइन हेल्थ सर्विस का शुभारंभ किया गया है। इस सेवा के तहत अब लोग मात्र ₹30 में 24 घंटे अनुभवी चिकित्सकों से वीडियो कंसल्टेशन प्राप्त कर सकेंगे।
नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस नई स्वास्थ्य सेवा की औपचारिक शुरुआत की गई। सेवा के माध्यम से मरीजों को ऑनलाइन चिकित्सकीय परामर्श के साथ वीडियो कंसल्टेशन, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आपात स्थिति में एंबुलेंस और दवाओं पर 15 प्रतिशत छूट
फेलिक्स हॉस्पिटल के सी.एम.डी. डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि ऑनलाइन हेल्थ सर्विस के अंतर्गत 24 घंटे डॉक्टर से परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आपातकालीन स्थिति में 15–20 किलोमीटर के दायरे में संचालित 24 घंटे की फार्मेसी से मरीजों को दवाएं 15 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में निःशुल्क एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार मरीज को फेलिक्स हॉस्पिटल के साथ-साथ सरकारी अस्पताल तक भी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में आईपीडी उपचार पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
पत्रकारों ने पूछे सेवा से जुड़े सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने ऑनलाइन हेल्थ सर्विस की उपलब्धता, ₹30 के परामर्श शुल्क, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों के लिए सुविधाओं तथा फेलिक्स हॉस्पिटल की भूमिका से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे।
योजना से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और जरूरतमंद लोगों की पहुंच में लाना है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल तक पहुंचना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है, जिन्हें तत्काल चिकित्सकीय सलाह की आवश्यकता होती है। ऐसे लोगों के लिए ऑनलाइन वीडियो कंसल्टेशन सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकता है।
9 अगस्त को मेगा हेल्थ कैंप
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ लाभार्थियों के हेल्थ कार्ड भी बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नोएडा लोक मंच केवल जरूरतमंदों को दवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार नए प्रयास कर रहा है। ऑनलाइन हेल्थ सर्विस इसी अभियान का विस्तार है, जिसके माध्यम से तकनीक और वीडियो कंसल्टेशन की मदद से स्वास्थ्य सुविधा को लोगों के घर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से सी.एम.डी. डॉ. डी.के. गुप्ता एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता उपस्थित रहीं।
नोएडा लोक मंच की ओर से महासचिव महेश सक्सेना, विनीत गर्ग, पवन यादव, आर.एन. श्रीवास्तव, कुशाग्र अवस्थी, जमील अहमद, एस.के. जैन, वी.के. जैन, मुकुल बाजपेयी, रेनू छिब्बर, विभा बंसल, विनोद शर्मा, ओ.पी. पारीक, ब्रज गोपाल एवं प्रदीप वोहरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
नोएडा लोक मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का लक्ष्य जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर उन्हें बेहतर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में सहयोग प्रदान करना है। “स्वस्थ समाज, सशक्त समाज, बेहतर हर इंसान” के संकल्प के साथ भविष्य में ऐसी जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।
संपर्क हेतु जारी किए गए नंबर
दवा बैंक हेल्पलाइन: 9319981797
हेड ऑफिस: 9319153685

