ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के सेक्टर-12 में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई घरों में नलों से गंदा, पीले रंग का पानी सप्लाई हुआ। स्थानीय निवासियों ने पानी को देखने में बेहद संदिग्ध बताते हुए इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है।
प्लाट ओनर्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (पोरवा), सेक्टर-12 ने नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग से मामले की तत्काल जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनुसार, सोमवार सुबह घरों में आने वाला पानी सामान्य नहीं था। पानी का रंग पीला था और उसकी गुणवत्ता को लेकर भी लोगों ने आपत्ति जताई।
पानी की गुणवत्ता की जांच की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पाइपलाइन के माध्यम से दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है तो यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। लोगों ने प्राधिकरण से पानी के तत्काल नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पानी के दूषित होने की वजह क्या है।
छह महीने की TDS रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
पोरवा ने नोएडा प्राधिकरण से पिछले छह महीनों की नगर जलापूर्ति की TDS रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की है। इसके साथ ही सेक्टर-12 की पाइपलाइन और पूरी जलापूर्ति व्यवस्था की जांच कराने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा सामने न आए।
एसोसिएशन ने फोनरवा से भी मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। पोरवा ने आग्रह किया है कि फोनरवा इस समस्या को संबंधित जल विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाए और सेक्टर-12 के निवासियों को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराए।
फिलहाल स्थानीय लोग पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंतित हैं और प्राधिकरण की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

