कला उत्सव 2026 में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
12 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
प्रयागराज। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज डॉ. सन्तोष कुमार राय ने बताया कि भारतीय कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर एक भारत – श्रेष्ठ भारत के अन्तर्गत राष्ट्रीय कला उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय कला उत्सव की थीम ‘विकसित भारत वर्ष 2047 में भारत की परिकल्पना’ रहेगी।
जनपद स्तरीय कला उत्सव का आयोजन 1 सितम्बर को सेंट एंथनी गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रयागराज में किया जाएगा। छात्र- छात्राओं को समान भागीदारी के अवसर दिए जाएंगे। गायन, वादन, नृत्य और दृश्य कला में समूह और एकल प्रतियोगिताएं होगी। नाटक तथा कहानी वाचन में समूह प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं जनपद स्तर पर 01 सितंबर को सन्त एंथोनी गर्ल्स इण्टर कालेज प्रयागराज में प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय स्तर से चयन की सूचना 27 अगस्त तक कार्यक्रम की नोडल डॉ. आकांक्षा केशरी राजकीय बालिका इण्टर कालेज सिविल लाइन्स को उपलब्ध कराना है। राज्य या केंद्रीय बोर्ड से संबद्ध सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल के कक्षा 9, 10, 11 और 12 के विद्यार्थी कला उत्सव में भाग ले सकते हैं। मण्डल स्तर की प्रतियोगिता 30 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी।

