स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त, सात बच्चे घायल

स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त, सात बच्चे घायल

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने ओवरटेक करने के दौरान स्कूल वैन में साइड मार दी। टक्कर लगते ही डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे में सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आईं। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया।घायलों में आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक चौकी प्रभारी और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।बताया गया कि स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने वैन में साइड मार दी, जिससे वैन सड़क पर पलट गई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार चल रहा है। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। तीनों बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *