माघ मेला 2027 में ड्रोन पैरा सेलिंग का श्रद्धालु लेंगे आनन्द
प्रयागराज। प्रयागराज मेला प्राधिकरण वर्ष 2027 के मेले की तैयारियों में जुट गया है। इस बार माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कई रोमांचकारी चीजों का हिस्सा बनने का अवसर भी मिलेगा। जिसमें से इस बार ड्रोन पैरा सेलिंग भी एक है। जिसके लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने तैयारियों को तेज कर दिया है।
माघ मेला 2027 के लिए प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। जिसके बाद मेले में टेंटेज, साइनेज, शौचालय, सड़क, पेयजल आदि का प्रबंध कराने की तैयारी चल रही है।
माघ मेला विकास प्राधिकरण इस बार कुछ नया करने की तैयारी है। इसके तहत पहली बार ड्रोन पैरा सेलिंग कराई जाएगी। पैराशूट के जरिए वाटर स्पोर्ट्स का श्रद्धालु आनंद ले सकेंगे। पिछले दिनों प्रयागराज मेला प्राधिकरण की बैठक में इस पर सहमति बनी है। इस बार अरैल की ओर इसका आयोजन होगा।
अफसरों का कहना है कि सितंबर में टेंडर जारी करने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। जिससे अक्तूबर तक एजेंसी को आबद्ध कर उसकी जरूरत के अनुसार नवंबर व दिसंबर में अरैल में सुविधाओं को विकसित किया जा सके।

