ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि बेटे की चाह में 45 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची 14 वर्षीय छोटी बेटी पर भी आरोपी ने हमला किया, लेकिन वह किसी तरह घर से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही।
मृतकों की पहचान तबस्सुम (35) और उनकी बेटी सना (15) के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी राजा अंसारी (45) के तौर पर हुई है। वह खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता है और लोकप्रिय विहार कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था।
झगड़े के बाद किचन से चाकू लेकर आया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। छोटी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अक्सर बेटा नहीं होने की बात को लेकर मां से झगड़ा करते थे। घटना वाली रात भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद राजा किचन में गया और चाकू लेकर वापस आया। उसने पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बड़ी बेटी सना मां को बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं।
छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान
इसके बाद आरोपी छोटी बेटी पर भी हमला करने के लिए उसके पीछे चाकू लेकर दौड़ा। वह किसी तरह घर से बाहर भाग निकली और शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी।
छोटी बेटी के मुताबिक, उसने पड़ोसियों से कहा कि उसके अब्बू ने अम्मी और बहन को चाकू मार दिया है। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलने के बाद खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल छोटी बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पड़ोसियों ने बताया- नशे का आदी था आरोपी
पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी नशे का सेवन करता था और उसका स्वभाव काफी गुस्सैल था। उनका दावा है कि बेटा नहीं होने की बात को लेकर वह अक्सर अपनी पत्नी से विवाद करता था। पड़ोसियों ने कई बार उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा आरोपी के खिलाफ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

