महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई, पात्र महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई, पात्र महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
आजमगढ़, 24 अगस्त (आर एन एस)उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में 25 अगस्त 2026 को तहसील सगड़ी सभागार में प्रातः 11 बजे से महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्या डॉ0 प्रियंका मौर्या द्वारा की जाएगी।महिला जनसुनवाई का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण कराने के साथ-साथ महिलाओं को उनके अधिकारों एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, महिला थाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।जनसुनवाई के दौरान महिलाओं द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही महिला उत्पीड़न से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की जाएगी।इस अवसर पर महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल सेवा योजना सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों का आवश्यकतानुसार पंजीकरण एवं आवेदन की कार्यवाही भी कराई जाएगी।कार्यक्रम के क्रम में अपराह्न 3 बजे डॉ0 प्रियंका मौर्या द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 6 बजे थाना सगड़ी में महिला जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं की समस्याओं एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर संवाद किया जाएगा।जिला प्रशासन ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि वे 25 अगस्त को प्रातः 11 बजे तहसील सगड़ी सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अवगत कराएं तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *