मार्ग बदहाल, जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर राहगीर
लोगों ने जल्द ही गल्ला मंडी मार्ग को बनवाने की उठाई मांग
रायबरेली संवाददाता । शहर के प्रमुख रास्तों में गल्ला मंडी से रतापुर रोड जाने वाला मुख्य मार्ग है। जो इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसु बहा रहा है।
रखरखाव और प्रशासनिक उपेक्षा के चलते यह महत्वपूर्ण मार्ग तालाब में तब्दील हो चुका है। सड़क पर बने बड़े-बड़े और जानलेवा गड्ढों में गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले हजारों लोगों का सफर किसी जंग जीतने से कम नहीं रह गया है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों के अनुसार, इस मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के कारण स्थिति नारकीय हो गई है। गड्ढों की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोपहिया वाहन चालक रोजाना फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस रास्ते से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। कई बार वाहन खराब होकर बीच रास्ते में ही फंस जाते हैं, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।सड़क की बदहाली का आलम यह है कि थोड़ी सी बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर पानी भरने से गड्ढे छुप गए हैं, जो किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहे हैं।
जबकि यह मार्ग शहर से लखनऊ प्रयागराज और अयोध्या हाईवे कों जोड़ता हैं और जिले का सबसे बड़ी मंडी ग़ल्ला मंडी भी स्थापित हैं जहां हजारों की संख्या में किसानों और व्यवसायिक वाहन और स्कूली वाहनों का भारी दबाव रहता हैं। वहीं स्थानीय दुकानदारों का जलभराव के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि ग्राहक इस रास्ते पर आने से कतराते हैं।
क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों का जिला प्रशासन से सवाल हैं आखिर इस बदहाल रोड से कब राहत मिलेगी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की इस गंभीर समस्या पर चुप्पी ने जनता के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मार्ग की मरम्मत और जल निकासी का पुख्ता प्रबंध नहीं किया गया, तो जनता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

