सोशल मीडिया पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बोर्ड बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित कर सभासद हुए लामबंद

सोशल मीडिया पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बोर्ड बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित कर सभासद हुए लामबंद
श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा की बोर्ड बैठक में सोमवार को नामित सभासद अश्वनी कुमार मौर्य को पद से हटाने और उनपर कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर निर्वाचित सभासदों ने निंदा प्रस्ताव पारित कर नगर पालिका परिषद भिनगा की अधिशाषी अधिकारी डा. अनीता शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। बैठक में मौजूद निर्वाचित सभासदों ने आरोप लगाया कि नामित सभासद पिछले कई दिनों से फेसबुक सोशल मीडिया माध्यमों पर निकाय की छवि धूमिल करने वाले पोस्ट साझा कर रहे हैं, जिनमें नगर पालिका परिषद, उसके कर्मचारियों तथा सभी निर्वाचित सभासदों को भ्रष्टाचार से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
बोर्ड बैठक में यह मुद्दा पटल पर रखे जाने के बाद सभासदों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। सभासदों का कहना था कि बिना किसी जांच और प्रमाण के पूरे बोर्ड तथा कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना न केवल सभासदों की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि इससे नगर पालिका परिषद की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक के दौरान कई सभासदों ने एक स्वर में मांग उठाई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नामित सभासद के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। सभासदों का कहना था कि यदि संबंधित नामित सभासद के विरुद्ध कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और उन्हें पद से नहीं हटाया गया, तो सभी निर्वाचित सभासद सामूहिक रूप से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान प्रमोद कुमार गुप्ता, मेराज अहमद, महेश यादव, राकेश यादव, मुस्ताक अहमद, रफीक, कृष्ण कुमार, आरिफ सहित सभी निर्वाचित सभासद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *