गोमतीनगर में मकान से टोटी, शावर सेट और फिटिंग्स चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में

गोमतीनगर में मकान से टोटी, शावर सेट और फिटिंग्स चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में
लखनऊ, (आरएनएस)। गोमतीनगर थाना पुलिस ने मकान में घुसकर टोटियां, शावर सेट, पंखे, मोटर और अन्य फिटिंग्स चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के साथ मौजूद करीब 17 वर्षीय एक बाल अपचारी को भी नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी की गई विभिन्न सामग्री बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को शैलेश मिश्रा पुत्र डॉ. एसबी मिश्रा, निवासी नोएडा, मूल निवासी विकास खंड, गोमतीनगर, लखनऊ ने गोमतीनगर थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उनके मकान में अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों ने प्रवेश कर वहां लगी टोटियां, शावर सेट तथा अन्य फिटिंग्स को खोलकर चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर गोमतीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 394/2026, धारा 305A/331(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रेम कुमार द्वारा की जा रही थी।
घटना के शीघ्र खुलासे और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए गोमतीनगर थाना पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को एकत्र कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, उपनिरीक्षक जसीम रजा, हेड कांस्टेबल बब्बन यादव और कांस्टेबल सुनील यादव क्षेत्र में गश्त एवं तलाश में मामूर थे। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मकान में हुई चोरी की घटना से संबंधित आरोपी चोरी किए गए सामान के साथ ग्वारी फ्लाईओवर, गोमतीनगर के पास मौजूद है।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद करीब 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया गया।पकड़े गए आरोपी की पहचान शशांक कुमार उर्फ अंकुर यादव पुत्र ब्रजेश कुमार यादव, उम्र करीब 19 वर्ष, मूल निवासी ग्राम दहमा, थाना भीटी, जनपद अम्बेडकर नगर तथा वर्तमान में विशाल खंड-3, गोमतीनगर, लखनऊ में किराये के मकान में रहने वाले के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार आरोपी और बाल अपचारी के कब्जे से चोरी की गई सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान में तीन सीलिंग पंखे, तीन मिक्सर/शावर सेट, एक काले रंग की पंखुड़ी, एक मोटर तथा पांच टोटी/नल शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 331(3) को धारा 331(4) में तरमीम किया गया है। वर्तमान में मामले की विवेचना धारा 305A/331(4)/317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत की जा रही है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास के संबंध में दूसरे थानों एवं पुलिस इकाइयों से जानकारी और सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, उपनिरीक्षक जसीम रजा, हेड कांस्टेबल बब्बन यादव और कांस्टेबल सुनील यादव शामिल रहे।

————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *