स्टेट हाईवे 5ए-1 बनी जानलेवा, एक-एक फीट गहरे गड्ढों से गुजरना हुआ मुश्किल, नक्शा देख रहा जाएंगे दंग
मीरजापुर। पूर्वांचल के सर्वाधिक व्यस्ततम मार्गों में शामिल स्टेट हाईवे 5A-1 (वाराणसी-शक्तिनगर) की नारायनपुर, मिर्ज़ापुर में हालत इन दिनों बद से बद्तर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने एक-एक फीट गहरे विशाल गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। हालत यह है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे भारत के नक्शे जैसी आकृति लेते नजर आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े और मालवाहक वाहन गुजरते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण आवागमन बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क का स्थायी निर्माण अथवा मरम्मत संभव न होने की बात कही जा सकती है, लेकिन पांच-सात ट्रक गिट्टी डालकर इन बड़े गड्ढों को भरकर मार्ग को अस्थायी रूप से आवागमन योग्य बनाया जा सकता है।मीरजापुर जिले की पांचों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट पर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि होने के साथ ही जिले में कई मंत्री भी हैं। बावजूद इसके इतने महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे की यह दुर्दशा लोगों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के लिए संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन तो जिम्मेदार हैं ही, लेकिन जिले के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी कम नहीं है, जो इतनी गंभीर समस्या के बावजूद मूकदर्शक बने हुए हैं। वाहन चालकों का कहना है कि टोल टैक्स देने में जितनी परेशानी नहीं होती, उससे कहीं अधिक परेशानी इस जर्जर सड़क से गुजरने में होती है। लोगों ने मांग की है कि जब सड़क चलने लायक नहीं है तो टोल वसूली पर भी विचार किया जाना चाहिए। अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि जब तक स्टेट हाईवे 5A-1 (वाराणसी-शक्तिनगर) का निर्माण और समुचित मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक हाजीपुर एवं अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बंद की जानी चाहिए।

