(मथुरा)मां-बाप के सामने बेटे को लात मारकर चलती ट्रेन से फेंका, दर्दनाक मौत; इस बात को लेकर हुआ था विवाद
मथुरा ,06 सितंबर ,(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में हाथरस से मथुरा आ रही एक पैसेंजर ट्रेन में शुक्रवार दोपहर रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई। गेट के पास बैठने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक सिरफिरे युवक ने मां-बाप के सामने ही उनके बेटे को लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। पटरियों पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। आंखों के सामने कलेजे के टुकड़े की इस तरह दर्दनाक मौत देखकर माता-पिता की चीखों से पूरा डिब्बा दहल उठा। साथी यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोचकर जीआरपी के हवाले कर दिया।
गेट पर बैठने को लेकर हुआ था मामूली झगड़ा
हाथरस के गांव रानी का नगला निवासी संजू देवी और उनके पति लख्मी चंद्र अपने दो बेटों अनुज और जतिन के साथ दोपहर करीब एक बजे मथुरा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। दोपहर करीब दो बजे जब ट्रेन राया और लक्ष्मी नगर रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी डिब्बे के गेट के पास बैठने की बात को लेकर जतिन का विवाद अलीगढ़ निवासी विजेंद्र नामक युवक से हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान विजेंद्र ने अचानक तैश में आकर जतिन के सीने पर जोरदार लात मार दी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सीधे चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा।
यात्रियों ने चेन खींचकर रोकी ट्रेन, अस्पताल में तोड़ा दम
आंखों के सामने घटी इस खौफनाक घटना से बोगी में मौजूद यात्रियों के होश उड़ गए और पूरे डिब्बे में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने तुरंत इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन को रोका। ट्रेन रुकते ही रोते-बिलखते माता-पिता और भाई पटरियों की ओर दौड़े और लहूलुहान पड़े जतिन को किसी तरह उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक ऊंचाई और तेज रफ्तार ट्रेन से गिरने के कारण सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में घातक चोटें आई थीं।
आरोपी को यात्रियों ने दबोचा, जीआरपी ने भेजा जेल
वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी विजेंद्र को बोगी में मौजूद गुस्साए यात्रियों ने घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विजेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एक पल के गुस्से ने हंसते-खेलते परिवार को जिंदगी भर का कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है।
00

