(कोरबा)  राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, जनप्रतिनिधियों की संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन

(कोरबा)  राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, जनप्रतिनिधियों की संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन
० महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का किया शुभारंभ
कोरबा,12 सितंबर (आरएनएस)। कोरबा नगर निगम के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों की लोक स्वास्थ्य सेवाओं में भागीदारी को उत्कृष्टता प्रदान करने हेतु आयोजित एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न हुई। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता, बीमारियों से बचाव व जागरूकता, कार्यो में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग को कार्यशाला में रेखांकित किया गया है, इस मौके पर मेयर इन काउंसिल सदस्य नरेन्द्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल सहित निगम की मेयर इन काउंसिल के अन्य सदस्यगण, पार्षद व एल्डरमेन गण उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पालिक निगम कोरबा के संयुक्त तत्वाधान में पं.जवाहरलाल नेहरू सभागार रामपुर कोरबा में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत नगरीय जनप्रतिनिधियों, जनसेवकों की लोक स्वास्थ्य सेवाओं में भागीदारी को उत्कृष्टता प्रदान करने हेतु एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर तथा निगम की मेयर इन काउंसिल के सदस्यों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, एल्डरमेनगणों की विशेष उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने वार्ड महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं, वार्ड के लोग अपनी  स्वास्थ्य समस्याओं व बीमारियों के संबंध में भी हमारे पास आते हैं, हमारा दायित्व बनता है कि हम उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दें, स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति उनमें जागरूकता लायें, शासन की योजनाओं की जानकारी उन्हें दें तथा योजनाओं का लाभ वे प्राप्त कर सकें, इसमें अपना सहयोग दें।  इस अवसर पर सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि आज की कार्यशाला में हमें बहुत कुछ जानने, समझने का अवसर मिला है, हमारा दायित्व है कि हम स्वच्छता व स्वास्थ्य के संबंध में लोगों को सतत रूप से जागरूक करें। उन्होने कहा कि एक्सीडेंट होते हैं तो इसमें प्रभावित व्यक्ति व उसे अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को शासन द्वारा मिलने वाली सहयोग राशि की जानकारी भी दें ताकि वे अवगत हो सके। इसी प्रकार मेयर इन काउंसिल सदस्य श्री नरेन्द्र देंवागन ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में अच्छी जानकारी दी गई है, हम सभी का कर्तव्य हे कि हम जनता के स्वास्थ्य एवं शिक्षा की चिंता प्राथमिकता के साथ करें, स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिये अपना सहयोग दें तथा स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता के कार्य का हिस्सा बनें।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की सीपीएम श्रीमती ज्योत्सना ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन की जानकारी दी तथा डॉ.अविश पाण्डेय ने विभिन्न मौसमी बीमारियों की जानकारी तथा डॉ.बी.आर.रात्रे ने टी.बी. व कुष्ट रोग आदि की जानकारी प्रस्तुत की तथा इन रोगों से बचाव, जांच व उपचार आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये इस दिशा में जनजागरूकता का प्रसार तथा लोक स्वास्थ्य सेवाओं में नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भागीदारी की महत्ता पर प्रकाश डाला।
————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *