(कोरबा) सीईआईआर पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन खोजकर वास्तविक स्वामियों को सौंपे, निराश चेहरों में आई मुस्कान

(कोरबा) सीईआईआर पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन खोजकर वास्तविक स्वामियों को सौंपे, निराश चेहरों में आई मुस्कान
कोरबा,12 सितंबर (आरएनएस)। गुम हुआ मोबाइल वापस मिलेगा, इसकी उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर उस वक्त मुस्कान लौट आई, जब कोरबा पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत साइबर पुलिस की इस कार्रवाई में अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20.03 लाख रुपये है। इनमें कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
कोरबा पुलिस के इस अभियान का असर केवल एक कार्रवाई तक सीमित नहीं है। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए हैं। लगातार हो रही इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके बाद विभिन्न जिलों और राज्यों में मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी रजत कुमार नाग के दिशा-निर्देशन में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम ने काम किया। वहीं उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। जिले के विभिन्न थाना और चैकी स्टाफ ने भी मोबाइलों को ट्रेस और बरामद करने में सहयोग किया।
गुम मोबाइल वापस मिलने के बाद कई मोबाइल मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने कोरबा पुलिस और साइबर टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई ने लोगों के भरोसे को और मजबूत किया है।
कोरबा पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में भी तत्काल कार्रवाई की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें और नजदीकी थाना अथवा साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन शिकायत बलइमतबतपउम.हवअ.पद पर भी की जा सकती है। कोरबा पुलिस का संदेश साफ हैरू मोबाइल गुम हुआ है तो उम्मीद मत छोड़िए, शिकायत दर्ज कराइए। तकनीक और पुलिस की टीम मिलकर आपके मोबाइल को वापस आपके हाथों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
——-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *