रिटायर्ड वायुसेना अफसर और बेटे से मारपीट

रिटायर्ड वायुसेना अफसर और बेटे से मारपीट
बाइक में टक्कर को लेकर विवाद हुआ, पूर्व पार्षद समेत 3 पर एफआईआर दर्ज
प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में वायुसेना के रिटायर्ड वारंट अफसर और उनके बेटे से मारपीट की गई। रिटायर्ड अफसर का बेटा मोटरसाइकिल से बाल कटवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक में दूसरी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। बेटे ने दूसरी बाइक सवार से मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया।  जानकारी मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे। तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। मामले में पूर्व पार्षद समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। घटना 14 सितंबर को हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नलगंज थाना क्षेत्र के छोटा बघाड़ा के रहने वाले प्रताप बहादुर सिंह वायुसेना में वारंट अफसर के पद से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे मेरा बेटा सुधीर कुमार बाइक से बाल कटवाने गया था। लौटते समय पूर्वांचल चौराहे के पास उसकी मोटरसाइकिल में एक अन्य मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। सुधीर ने मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कही तो आरोप है कि दूसरे पक्ष का युवक गाली-गलौज करने लगा और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पूर्व पार्षद नितिन यादव, उनका भतीजा और एक अन्य युवक मौके पर पहुंच गए। उन तीनों ने सुधीर को रॉड और पाइप से पीटा और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
प्रताप बहादुर ने बताया कि कुछ बच्चों ने मुझे इसकी जानकारी दी। इसके बाद मैंने मौके पर पहुंचकर बेटे को बचाने के साथ विवाद शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान मेरे साथ भी मारपीट की गई।
तहरीर में प्रताप बहादुर ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके फौजी होने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और अपशब्द कहे गए। कर्नलगंज पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। मामले में फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *