(हैदराबाद)मासूम बच्ची के सामने बरसाए लात-घूंसे, 10 रुपये के छुट्टे को लेकर ऑटो चालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या

(हैदराबाद)मासूम बच्ची के सामने बरसाए लात-घूंसे, 10 रुपये के छुट्टे को लेकर ऑटो चालक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या
हैदराबाद ,21 सितंबर ,(आरएनएस)।  तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र में महज 10 रुपये के छुट्टे पैसों को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो-रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दिल दहला देने वाली यह वारदात रविवार शाम वट्टापल्ली इलाके में हुई, जहां कुछ बदमाशों ने ऑटो चालक को उसकी मासूम बच्ची के सामने ही सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
200 के नोट से शुरू हुआ विवाद, बच्ची के सामने ही कर दी हैवानियत
मृतक चालक की पहचान वट्टापल्ली निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद मुकर्रम के रूप में हुई है। स्थानीय एआईएमआईएम (्रढ्ढरूढ्ढरू) विधायक मोहम्मद मुबीन ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। विधायक के अनुसार, मुकर्रम का कुछ परिचित युवकों के साथ किराए के खुल्ले पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोपियों ने 200 रुपये का नोट दिया था, लेकिन चालक के पास 10 रुपये छुट्टे नहीं थे। इसी मामूली बात पर पहले गाली-गलौज हुई और फिर देखते ही देखते आरोपियों ने मुकर्रम पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
इलाके के हिस्ट्रीशीटर हैं आरोपी, महीने भर में उसी सड़क पर दूसरा कत्ल
विधायक मोहम्मद मुबीन ने मीडिया को बताया कि हमलावरों में इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजीम, सोहेब और उनके अन्य साथी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पूरे इलाके में दहशत फैलाते हैं और गुंडागर्दी करते हैं। मुबीन ने चिंता जताते हुए कहा कि जिस सड़क पर मुकर्रम को मौत के घाट उतारा गया, उसी जगह पर पिछले एक महीने के भीतर यह मर्डर की दूसरी वारदात है। खुलेआम हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में पुलिस सुरक्षा को लेकर भारी रोष है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्रनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने तेलंगाना सरकार से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और शहर में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए गश्त बढ़ाने की मांग की है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *