युवाओं ने साझा की सशक्त भारत की तस्वीर
-मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन
-लखनऊ बना विजेता, हरदोई दूसरे स्थान पर
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। एक तरफ बुंदेलखंड का राई नृत्य तो दूसरी तरफ चैती और आल्हा का गायन, कविता में उकेरे गए विकसित भारत के शब्द और कूची से रंग भरती सशक्त भारत की तस्वीर। गुरुवार को लखनऊ पब्लिक पीजी कालेज में आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में कला और संस्कृति के कुछ ऐसे ही रूप देखने को मिले।
युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित उत्सव में लखनऊ मंडल के छह जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया| भारत सरकार के विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक युवाओं ने अपनी प्रतिभा से हर किसी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सहायक विकास आयुक्त डॉ. शिवाकांत तिवारी रहे।
भारतीय संस्कृति और विविधताओं को समर्पित युवा उत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ‘वंदे मातरम’ की संगीतमय प्रस्तुति के संग हुआ। लोक नृत्य प्रतियोगिता में लखनऊ टीम पहले, लखीमपुर दूसरे स्थान पर रही। वहीं लोक संगीत प्रतियोगिता में हरदोई की टीम पहले, लखनऊ की टीम दूसरे और रायबरेली की टीम तीसरे स्थान पर रही। नुक्कड़ नाटक में लखनऊ की अदम्य ग्लोबल फाउंडेशन को पहला पुरस्कार मिला। चित्रकारी में लखनऊ के अमित कुमार एवं काव्य लेखन में हरदोई के हर्षवर्धन मिश्र विजयी रहे।
युवा कल्याण एवम् प्रांतीय रक्षक दल की उप निदेशक शिल्पी पाण्डेय ने बताया कि प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी अनिल कुमार तिवारी, संस्थान के डीन डॉ. लक्ष्मी शंकर अवस्थी, सेवा योजना अधिकारी डॉ. आशीष कौशल, अनीता चौधरी, आशीष मिश्र और राहुल सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

