उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान, 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया
लखनऊ,(आरएनएस ) भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्यों के लिए होने वाले द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई जाएगी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार राज्यसभा निर्वाचन के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी और 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 9 अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि आवश्यक हुआ तो 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि मतदान 16 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।उत्तर प्रदेश की जिन 10 राज्यसभा सीटों के लिए सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला है, उनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बी.एल. वर्मा, सीमा और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इसके अलावा डॉ. दिनेश शर्मा की सीट 11 सितंबर 2026 से रिक्त है। इस प्रकार प्रदेश में राज्यसभा की कुल 10 सीटों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी

