निजी फोटो-वीडियो प्रसारित कर ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, (आरएनएस ) सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने महिला को लगातार परेशान करने, धमकाने, जबरदस्ती करने और निजी फोटो-वीडियो सामाजिक माध्यम पर प्रसारित कर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि युवक लगातार उसका पीछा कर रहा था और फोन के माध्यम से परेशान करने के साथ धमकी दे रहा था। आरोप है कि युवक ने निजी फोटो और वीडियो सामाजिक माध्यम पर प्रसारित कर उसे ब्लैकमेल भी किया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर 24 सितंबर को सुशान्त गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 643/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 62, 64, 74, 78, 109(1), 127(2), 351(3) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश की और आयुष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष मिश्रा पुत्र राजेन्द्र कुमार मिश्रा, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना इटौंजा, लखनऊ, हाल पता जानकीपुरम, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में जानकीपुरम थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 363, 366 और 504 के तहत भी मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस शामिल रही।
निजी फोटो-वीडियो प्रसारित कर ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
—————

