श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया संत गणिनाथ महाराज जी का पूजनोत्सव
मधुबन, मऊ। मध्यदेशीय वैश्य महासभा इकाई मधुबन के तत्वावधान में संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ महाराज जी का पूजनोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ पांती रोड गांधी मैदान के सामने अरविंद मद्धेशिया के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने विधिवत पूजन-अर्चन एवं झंडा रोहण कर समाज की एकता, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने कहा कि संत गणिनाथ जी केवल वैश्य समाज ही नहीं बल्कि पूरे मानव समाज के पथ प्रदर्शक थे। उन्होंने कहा कि गुप्त वंश का भारतीय इतिहास में गौरवशाली योगदान रहा है और आज आवश्यकता है कि वैश्य समाज संगठित होकर सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी अपनी सक्रिय सहभागिता बढ़ाए। मध्यदेशीय वैश्य महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री गिरीश चन्द गुप्ता ने समाज में महिलाओं की सहभागिता, शिक्षा और आपसी सामंजस्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और महिलाओं को आगे लाए बिना समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम मद्धेशिया ने की, जबकि संचालन नगर महामंत्री चंदन मद्धेशिया एवं अमित गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को रवि मद्धेशिया, कपूर चंद्र मद्धेशिया, शंकर मद्धेशिया, विनोद मद्धेशिया उर्फ पप्पू सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से चंदन गुप्ता, अभिषेक मद्धेशिया, भारतेन्दु मद्धेशिया, अखिलेश, अजीत, अरविंद, देवेंद्र, जय आकाश, आशीष मद्धेशिया, उत्कर्ष, गणेश, मनोज, मोहन, दुर्गेश, विपीन आदि सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
———————————–

