सपा के राज्यसभा जीतने वाले कैंडिडेटों में भी फूट है- डिप्टी सीएम 

सपा के राज्यसभा जीतने वाले कैंडिडेटों में भी फूट है- डिप्टी सीएम

केशव मौर्या बोले-सपा के आधे कैंडिडेट हमारी तरफः

प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नथवानी के पोस्ट को लेकर तंज कसा। कहा कि सपा के समर्थन से राज्यसभा जा रहे उम्मीदवार अगर प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा की प्रशंसा कर रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि सपा के जीतने वाले कैंडिडेटों में भी फूट है। उन्होंने कहा कि 100 में 80 हमारा, 20 में भी बंटवारा है।

ज्ञात हो कि राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए गए धनराज परिमल नथवानी ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर पीएम मोदी को बधाई दी थी।

गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से इसी पोस्ट को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तारीफ करने के लिए वह धनराज नथवानी को धन्यवाद देते हैं, लेकिन इसी से समाजवादी पार्टी की स्थिति भी साफ हो रही है।

डिप्टी सीएम ने इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर भी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बैठक में अखिलेश यादव के नहीं पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन बिखर चुका है। उन्होंने कांग्रेस और सपा के बीच चल रहे राजनीतिक रिश्तों पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों में “नूराकुश्ती” चल रही है। केशव ने कहा कि यह गठबंधन अब पहले जैसा नहीं रहा और उसके घटक दलों के बीच आपसी खींचतान लगातार सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *