रामलीला के स्वरूपों की प्रतिष्ठा, आज से वनगमन

रामलीला के स्वरूपों की प्रतिष्ठा, आज से वनगमन

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन, राम, लक्ष्मण और जानकी के स्वरूप तैयार, गूंजे मंगल गीत

बाराबंकी। नगर की ऐतिहासिक रामलीला की तैयारियों के बीच श्री रामलीला सेवा समिति के दशहरा मंदिर में अयोध्या से आए प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और जानकी के स्वरूपों की प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। विधि-विधान से पूजन, आरती और विशेष वैदिक क्रियाओं के बीच आयोजित कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए। इसके साथ ही नगर की सुप्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ हो गया। मुख्य श्रृंगारी पंडित संजय तिवारी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से स्वरूपों को लाने की जिम्मेदारी पंडित सुखनंदन मिश्रा निभाते रहे थे। उनके निधन के बाद अब यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। इस वर्ष प्रभु श्रीराम का स्वरूप प्रिंस त्रिवेदी, लक्ष्मण का नागेश अवस्थी और जानकी का स्वरूप राजन शुक्ला धारण करेंगे। दशहरा मंदिर के पुजारी उमाकांत पांडेय ने विधि-विधान से पूजन कराया। व्यास पंडित प्रमोद पाठक ने मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न कराई। मुख्य यजमान अंकित गुप्ता ‘गोलू’ सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने बताया कि स्वरूपों की शुद्धि के बाद वैदिक रीति से अंगन्यास सहित प्रतिष्ठा कराई जाती है। इस दौरान स्वरूपों को फलाहार ग्रहण करना होता है और निर्धारित नियमों का पालन करना पड़ता है। पंडित प्रमोद पाठक ने बताया कि पितृ विसर्जन के बाद निशाकाल में स्वरूप प्रतिष्ठा की परंपरा है। समिति के महामंत्री शिव कुमार वर्मा ने बताया कि रामलीला की शुरुआत नागेश्वर नाथ मंदिर से राम वनगमन के मंचन के साथ होगी। इसमें प्रभु श्रीराम के राजमहल छोड़कर माता सीता और लक्ष्मण के साथ वन की ओर प्रस्थान करने के प्रसंग का मंचन किया जाएगा। समिति के सदस्य जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी, अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोगों को निमंत्रण पत्र दे रहे हैं। डीएम ने रामलीला को नगर की गौरवशाली परंपरा बताया, जबकि एसपी ने आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिया। कार्यक्रम में शिव कुमार वर्मा, रमेश कुरील, राजेश गुप्ता ‘कृष्णा’, अमर सिंह, राजीव पाठक, आर्यन तिवारी सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *