मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मार्च को पुलिस ने रोका
कई छात्रों को हिरासत में लिया, एसआईआर रद्द करने को लेकर सड़क पर उतरे थे प्रदर्शनकारी
प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के के बैंक रोड पर सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने विरोध मार्च शुरू होने से पहले ही रोक दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों को पुलिस बल ने घेराबंदी कर आगे बढ़ने से रोका और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
छात्रनेताओं ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने देश के लोकतंत्र की गरिमा के साथ खिलवाड़ किया है और वोट के अधिकार के साथ खिलवाड़ किया है जब तक वह इस्तीफा नहीं दे देते तब तक हम प्रदर्शन करते रहेंगे।
इस मौके पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रमुख महासचिव अखिलेश गुप्ता गुड्डू, राष्ट्रीय महासचिव राघवेंद्र यादव, राष्ट्रीय सचिव आशुतोष यादव गुड्डू, छात्रनेता विजयकांत यादव, गौरव गोंड, हिमांशु पटेल, गौरव, रोशन, मनदीप, दीपांशु, राकेश आदि छात्रों को गिरफ्तार किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया की वापसी और मतदाता सूचियों से कथित रूप से नाम हटने के मुद्दों पर नारेबाजी की। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि एसआईआर से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी छात्र और समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता बैंक रोड से चंद्रशेखर आजाद पार्क (अल्फ्रेड पार्क) तक विरोध मार्च निकालने वाले थे। हालांकि, मार्च की शुरुआत से ठीक पहले पुलिस ने बड़ी संख्या में बल तैनात कर प्रदर्शनकारियों का रास्ता रोक
दिया।

