अवैध खनन पर प्रशासन की छापेमारी, जेसीबी समेत तीन डंपर पकड़े
सुल्तानपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बीती रात अभियान चलाकर कार्रवाई की। अपर जिलाधिकारी प्रशासन रत्नप्रिया के निर्देशन में तहसीलदार सदर अभिनव सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने दो स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक जेसीबी और दो डंपर हिरासत में लिए गए, जबकि एक डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
पहली कार्रवाई गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में हुई। यहां अवैध खनन में लगी एक जेसीबी और डंपर को पकड़कर द्वारिकागंज चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। दूसरी कार्रवाई नगर कोतवाली क्षेत्र के गोड़वा चौकी अंतर्गत हुई। यहां अवैध खनन में लगे दो डंपरों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे डंपर को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव, प्रभात पांडेय सहित अन्य राजस्वकर्मी मौजूद रहे। तहसील प्रशासन कार्रवाई की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजने की तैयारी कर रहा है।

