हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत में मिलेगी सहूलियत, नवरात्रि और दुर्गापूजा के दौरान रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत में मिलेगी सहूलियत, नवरात्रि और दुर्गापूजा के दौरान रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

 

सुलतानपुर। नगर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने और खराब स्ट्रीट लाइटों व हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत में तेजी लाने के लिए नगर पालिका परिषद ने ट्रक माउंटेड स्काई लिफ्ट वाहन की व्यवस्था की है। सोमवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में चल रहे नवरात्रि एवं दुर्गापूजा महोत्सव को देखते हुए नगर के प्रमुख मार्गों, घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगी हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 13 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने में सक्षम ट्रक माउंटेड स्काई लिफ्ट वाहन क्रय किया गया है। इसके माध्यम से सामान्य ऊंचाई से ऊपर लगे प्रकाश बिंदुओं और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत आसानी से और कम समय में की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस वाहन के उपलब्ध होने से ऊंचाई पर लगी लाइटों की खराबी दूर करने में सुविधा मिलेगी और नगर की प्रकाश व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सभासद अरविन्द यादव, दिनेश चौरसिया, संतोष चौधरी, आरिफ अंसारी, देवानन्द, सन्दीप गुप्ता एवं विजय कुमार जायसवाल सहित कार्यालय अधीक्षक पुनीत कुमार गुप्ता, मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय कुमार तिवारी, स्टोर इंचार्ज सुनील कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी सफाई हनुमान सिंह, लिपिक प्रशान्त रावत, दीपक रावत, साहिल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

तेज डीजे बजाने वालों पर कसेगा शिकंजा

वीडियो रिकॉर्डिंग और ध्वनि मापन के बाद कार्रवाई की मांग

सुल्तानपुर। तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अब साक्ष्यों के साथ कानूनी कार्रवाई की पहल होगी। शहर में चल रहे अभियान के तहत मुहिम से जुड़े अधिवक्ताओं ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन से एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने की चेतावनी दी है।

अभियान से जुड़े अधिवक्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह और अभिषेक तिवारी ने बताया कि तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत मिलने पर मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। ध्वनि मापक यंत्र से आवाज की तीव्रता मापने के साथ समय और स्थान सहित आवश्यक तथ्यों को दर्ज किया जाएगा। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जाएगी। अधिवक्ताओं ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करना आयोजकों और डीजे संचालकों की जिम्मेदारी है। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर लागू प्रतिबंधों का भी पालन जरूरी है। घर सुल्तानपुर फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी धर्म या उत्सव के खिलाफ नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण और हानिकारक कंपन के विरुद्ध जनहित की पहल है। आयोजकों से निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन कर दूसरों की शांति और स्वास्थ्य का सम्मान करने की अपील की गई है।

वृद्धाश्रम के वासियों के साथ बिटिया का जन्मदिन मनाकर पेश की मिशाल

सुल्तानपुर। अपनी पुत्री का चौथा जन्मदिन नगर के तुराबखानी स्थित आनंद भवन वृद्धाश्रम के रहवासियों के साथ मनाकर शिवम पांडेय ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। थाना चांदा क्षेत्र के चिंतावनपुर, रजवाड़े रामपुर निवासी शिवम पांडेय पुत्र सुरेन्द्र नाथ पाण्डेय ने अपनी पुत्री अलंकृता पांडेय का चौथा जन्मदिन नगर के तुराब खानी स्थित आनंद भवन वृद्धाश्रम में वहां रहने वाले सैकड़ों बुजुर्गों के साथ मनाया। श्री पांडेय ने आनंद भवन वृद्धाश्रम में रहने वाले सैकड़ों बुजुर्गों को स्वादिष्ट भोजन करवाया। वृद्धाश्रम में रहने वाले सभी बुजुर्ग रहवासियों ने उनकी पुत्री अलंकृता पांडेय को दिल से आशीर्वाद दिया। उक्त अवसर पर डॉ0 अवधेश शुक्ला, शिव कुमार दुबे, नीरव पांडेय, रुपेश शुक्ला, राजेश पाण्डेय, आनंद पांडे, गौरव पांडेय भदैया, रवि मिश्रा कटसारी, प्रेमनाथ तिवारी, राहुल पांडे, नितिन सिंह, उमेश पांडेय, स्वामीनाथ पांडेय, प्रधान पद के प्रत्याशी रहे सुरेंद्र नाथ पाण्डेय, स्वामीनाथ पांडेय सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *