महाप्रबंधक उमरे ने ऑनलाइन ‘सेवा’ पोर्टल का किया शुभारंभ
विशेष अभियान के तहत कार्य सुगमता और स्वच्छता को बढ़ावा
प्रयागराज। कार्यप्रणाली को सुगम बनाने (इज़ ऑफ वर्किंग) और डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कड़ी में आज उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण कोष के लिए विकसित वेब-आधारित पोर्टल ‘सेवा’ (कर्मचारी कल्याण आवेदन स्वीकृति पोर्टल) का औपचारिक उद्घाटन किया।
विशेष अभियान के तहत कार्यालयों को कागजी फाइलों के बोझ से मुक्त करने तथा स्वच्छता अपनाने का जो उद्देश्य निर्धारित किया गया है, ‘सेवा’ पोर्टल उसे प्रत्यक्ष रूप से धरातल पर उतारता है। इस पोर्टल के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं के दावे आवेदन से लेकर स्वीकृति तक पूरी तरह ऑनलाइन संंसाधित होंगे, जिससे एक मेज से दूसरी मेज तक कागजी फाइलों की आवाजाही पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। यह पहल न केवल दफ्तरों में स्वच्छता और व्यवस्थित माहौल को बल देती है, बल्कि कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर कार्य सुगमता की दिशा में एक क्रांतिकारी बदलाव सिद्ध होगी।
शुरुआती चरण में यह पोर्टल कर्मचारी कल्याण कोष की तीन प्रमुख योजनाओं—चश्मा प्रतिपूर्ति तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति को कवर करता है। कर्मचारी अपने मोबाइल नंबर और एकमुश्त पासवर्ड (ओटीपी) के माध्यम से आसानी से पोर्टल पर लॉग-इन कर, एक ही बार में आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं तथा अपने आवेदन की स्थिति को मेज-दर-मेज ट्रैक कर सकते हैं।

