कार्यकाल के सत्यापन तथा अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए जाने के संबंध में गठित समिति के साथ बैठक की गई।

मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह के द्वारा देर सायं कोविड-19 की रोकथाम, उपचार एवं प्रबंधन हेतु आवश्यकता के अनुसार अस्थायी/अल्पकालिक संविदा एवं आउटसोर्स के माध्यम से तैनात रहे ऐसे कोविड कर्मियों, जो किसी कारणवश अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम पर पंजीकृत नहीं हो सके थे, के अभिलेखों एवं कार्यकाल के सत्यापन तथा अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए जाने के संबंध में गठित समिति के साथ बैठक की गई।

 

बैठक में संबंधित कोविड कर्मियों के प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए अभिलेखों का समुचित सत्यापन एवं नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया साथ ही, आयुष्मान कार्ड योजना के अंतर्गत जीरो पॉवर्टी की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि अभी 2150 अंत्योदय कार्ड धारकों का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जाना शेष है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए अभी तक लंबित 2,150 अंत्योदय कार्डधारकों को योजना से लाभान्वित करने तथा उनका डाटा अपलोड कराए।

 

———–

जौनपुर 14 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-05

 

मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह के द्वारा देर सायं विकास भवन सभागार ‘छात्रवृत्ति योजना का सफल क्रियान्वयन’ विषयक अनुश्रवण समिति की बैठक की गई।

 

बैठक के दौरान निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शासन की मंशा है कि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रिया संबंधी कठिनाई के कारण योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।

 

उन्होंने शिक्षण संस्थानों से छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस कार्य में विद्यार्थियों एवं संस्थानों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोलने का सशक्त माध्यम हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि शासन की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे।

 

उन्होंने प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘छात्रवृत्ति पटल’ स्थापित किए जाने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से संबंधित सभी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें और आवेदन प्रक्रिया अधिक सुगम बने।

 

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जनपद के सहायता प्राप्त महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के छात्रवृत्ति योजना के प्रतिनिधि के द्वारा प्रतिभाग किया गया।

 

———-

जौनपुर 14 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-06

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर का औचक निरीक्षण

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर का निरीक्षण किया गया।

 

कुछ संविदा कर्मियों द्वारा उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं किए जाने का मामला संज्ञान में आया, जबकि वे कार्यस्थल पर उपस्थित थे। इस पर संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने की स्थिति में उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा।

 

निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार, प्रसव कक्ष, एएनसी कक्ष एवं अन्य कक्षों का अवलोकन किया गया। सभी कक्ष साफ-सुथरे एवं व्यवस्थित पाए गए। औषधि भंडार में आवश्यक औषधि सूची (ईडीएल) के सापेक्ष कुल 132 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं। फार्मासिस्ट को निर्देशित किया गया कि नियर एक्सपायरी (समयावधि समाप्ति के निकट) दवाओं की सूची तैयार कर उनका समयबद्ध प्रबंधन सुनिश्चित करें, ताकि दवाओं का उपयोग निर्धारित अवधि के भीतर किया जा सके।

 

प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रसव के उपरांत संबंधित लाभार्थी के आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति अनिवार्य रूप से प्राप्त कर सुरक्षित रखी जाए, जिससे जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान समय से सुनिश्चित किया जा सके।

 

निरीक्षण के दौरान अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि चिकित्सालय में एआरवी एवं एएसवी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखें तथा मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए।

 

———

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *