स्नेहा गौतम बनीं एक दिन की शहर कोतवाल, जानी कार्यप्रणाली
मिशन शक्ति के तहत कोतवाली नगर में अनूठी पहल, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा
बाराबंकी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने अनूठी पहल की। शारदीय नवरात्र के अवसर पर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा स्नेहा गौतम को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के दौरान स्नेहा ने थाने की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। उन्होंने जनसुनवाई, शिकायतों के निस्तारण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और पुलिस की विभिन्न जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी हासिल की। यह पहल पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देशन में की गई। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने छात्रा को थाने के संचालन और पुलिस के रोजमर्रा के कामकाज से अवगत कराया। स्नेहा को महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा शिकायत मिलने पर पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी भी दी गई। साथ ही अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था में पुलिस की भूमिका समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है। थाना प्रभारी की भूमिका निभाने का अवसर मिलने से छात्रा को पुलिस की जिम्मेदारियों को नजदीक से समझने का अनुभव मिला। कोतवाली नगर पुलिस की इस पहल को बालिकाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा
है।

