लखनऊ में ‘डांडिया गरबा नाइट 2.0’ की धूम: ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर झूमे शहरवासी, बनारसी स्वाद ने जीता दिल
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ।राजधानी लखनऊ के रघुवर मैरिज लॉन में ‘आरवीएस डांस एकेडमी’ और ‘रॉयल क्वींस’ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘डांडिया गरबा नाइट 2.0’ का सफल आयोजन किया गया। शाम ढलते ही पूरा परिसर रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों, डांडिया की खनक और उत्सव की उमंग से खिल उठा। कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों और परिवारों ने शिरकत की, जबकि आयोजन की भव्यता को देख बड़ी संख्या में लोगों ने ऑन-द-स्पॉट पहुंचकर भी इस उत्सव का आनंद लिया।
आरवीएस और रॉयल क्वींस का शानदार तालमेल
समारोह में मंच पर दी गई मनमोहक डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, हमेशा की तरह अपने रॉयल अंदाज और महिला सशक्तिकरण के लिए पहचानी जाने वाली संस्था ‘रॉयल क्वींस’ की खास छाप पूरे आयोजन में साफ नजर आई। गोमती नगर सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं और परिवारों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और अपनी मौजूदगी से उत्सव को बेहद शालीन व भव्य बना दिया।
नॉन-स्टॉप संगीत और बनारसी चाट का जलवा
नॉन-स्टॉप लाइव डीजे और हाई-वोल्टेज ढोल-नगाड़ों की गूंज पर युवाओं, बच्चों और महिलाओं ने देर रात तक जमकर गरबा व डांडिया रास किया। इसके साथ ही मैदान में सजे फूड स्टॉल्स में खास तौर पर प्रसिद्ध ‘बनारसी चाट’ लोगों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र रही, जिसका आगंतुकों ने भरपूर स्वाद लिया।
पारिवारिक और सुरक्षित माहौल
आयोजक शेखर राजवंशी और रजनी प्रकाश ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को एक पूर्णतः सुरक्षित, पारिवारिक और शुद्ध सांस्कृतिक मंच उपलब्ध कराना था। शहरवासियों के शानदार रिस्पॉन्स और प्यार ने इस शाम को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

