साधी अधिवक्ता की पिटाई से नाराज वकीलों ने किया चक्काजाम
एसआरएन में हंगामा, एमजी मार्ग पर बैठे वकील
प्रयागराज। अधिवक्ता की पिटाई के विरोध में सोमवार को वकीलों ने महात्मा गांधी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। अधिवक्ता आरोपियों की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अधिवक्ताओं का कहना था कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, वकील शांत नहीं बैठेंगे। चक्काजाम की सूचना पर डीसीपी प्रोटोकॉल पंकज मौके पर पहुंचे। वह प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से बातचीत की लेकिन वकीलों का कहना है कि वे केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
दरअसल, अधिवक्ता सर्वेश शुक्ला के साथ मारपीट के विरोध में वकील पहले स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में धरने पर बैठे थे। उत्तर प्रदेश जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवधर तिवारी ने आरोप लगाया था कि सर्वेश शुक्ला को कैंची से मारा गया, उनके कंधे और निजी अंगों पर चोट पहुंचाई गई और सुई घोंपी गई। उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। वकीलों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। अधिकारियों से बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बनने पर अधिवक्ताओं ने महात्मा गांधी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
एसआरएन अस्पताल परिसर में पिछले 4 घंटे से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अधिवक्ता आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी और उनके नाम सार्वजनिक करने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि गिरफ्तारी होने तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे। डीसीपी सिटी सागर जैन और सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह लगातार अधिवक्ताओं को समझाने और उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अधिवक्ता अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

