नई दिल्ली राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (RCL) के चौथे सीजन का भव्य समापन उत्साह और रोमांच के बीच हुआ,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सांसद राजीव प्रताप रूडी रहे मौजूद

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नई दिल्ली। राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (RCL) के चौथे सीजन का भव्य समापन उत्साह और रोमांच के बीच हुआ। फाइनल मुकाबले में दिल्ली पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाली सेवा वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीसीआई का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रसाद पैंथर्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सांसद राजीव प्रताप रूडी की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व दिया।
फाइनल मुकाबले में सेवा वॉरियर्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रसाद पैंथर्स की टीम 102 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह सेवा वॉरियर्स ने शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की। टूर्नामेंट में शामिल टीमों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
हंगर फ्री भारत मिशन के लिए बड़ी पहल
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के संस्थापक अरविंद कुमार ने क्रिकेट को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल की है। लीग का उद्देश्य खेल के माध्यम से भोजन की बर्बादी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। इसी दिशा में सीजन 4 के दौरान हंगर फ्री भारत मिशन के लिए 11,11,111 भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। लीग का मार्गदर्शक संकल्प ‘हर 10 रन, 100 भोजन’ है, जिसके जरिए खेल की उपलब्धियों को सामाजिक योगदान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
चैरिटी मैच में संतों और फिल्मी हस्तियों ने लिया हिस्सा
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण उद्घाटन चैरिटी मैच रहा, जिसमें पूज्य चिन्मयानंद बापू जी की कप्तानी में संतों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सांसद रवि किशन, राकेश बेदी, बिंदु दारा सिंह और अरुण बख्शी सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हुईं। इस पहल के जरिए भोजन की बर्बादी रोकने और भूख से राहत के संदेश को अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगर फ्री भारत पहल की सराहना करते हुए इसके सफल होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्रिकेट जैसे लोकप्रिय माध्यम से भोजन की बर्बादी के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की सहायता करने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।
खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
RCL के संस्थापक अरविंद कुमार ने सीजन 4 की सफलता पर खुशी जताते हुए सभी टीमों, खिलाड़ियों, संतों, फिल्मी हस्तियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय क्रिकेट लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।
राष्ट्रीय क्रिकेट लीग का लक्ष्य विभिन्न समुदायों और संस्थानों को एक मंच पर लाकर खेल भावना, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। सीजन 4 के समापन के साथ लीग ने एक बार फिर भोजन की बर्बादी कम करने और भूख-मुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *