शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़, मामले में 200 लोगों पर एफआईआर दर्ज 

शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़, मामले में 200 लोगों पर एफआईआर दर्ज

बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुसे थे प्रदर्शनकारी, सीसीटीवी देख शिनाख्त कर रही पुलिस

प्रयागराज। शिक्षा निदेशालय मुख्यालय परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता के मामले में सिविल लाइंस थाने में 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई शिक्षा निदेशालय के केयरटेकर मोहम्मद सैफी की तहरीर पर हुई है। आरोप है कि प्रदर्शन की आड़ में कुछ अराजक तत्व पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में घुस गए और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

सिविल लाइंस थाने में दी गई तहरीर के अनुसार 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे 150 से 200 लोग शिक्षा निदेशालय के पूर्वी गेट के सामने सड़क के दोनों ओर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि प्रतियोगी अभ्यर्थियों की आड़ में कुछ अराजक तत्व बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्यालय परिसर में घुस गए। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि परिसर में प्रवेश करने के बाद उपद्रवियों ने विभिन्न अनुभागों में तोड़फोड़ की और फर्नीचर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कर्मचारियों के साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार करने तथा सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।

केयरटेकर ने तहरीर में बताया कि शिक्षा निदेशालय परिसर में उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा परिषद के मुख्यालय स्थित हैं। यहां शासन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य नियमित रूप से किए जाते हैं। घटना के बाद परिसर में दहशत और अराजकता का माहौल बना है। कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना भी पैदा हुई है।

सिविल लाइंस पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के जरिए तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले में 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया

है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *