कृष्णा नगर पुलिस ने तकनीकी गलती से दूसरे खाते में पहुंचे 7.80 लाख रुपये वापस कराए
लखनऊ ( आरएनएस )। कृष्णा नगर थाना क्षेत्र की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी त्रुटि के कारण दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित हुए 7,80,026 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। पूरी धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ऋषि भोला की ओर से संचालित मैनपावर सप्लाई पीआर सर्विसेज कंपनी ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक कर्मचारी का 7,826 रुपये वेतन स्थानांतरित करते समय तकनीकी त्रुटि के कारण 7,80,026 रुपये दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में चले गए।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कृष्णानगर थाने की साइबर पुलिस टीम ने संबंधित बैंक से संपर्क कर खाते में उपलब्ध धनराशि को तत्काल फ्रीज कराया। इसके बाद बैंक से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे खाताधारक से संपर्क स्थापित किया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर पूरी धनराशि वापस करा दी गई।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।धनराशि वापस कराने वाली टीम में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम चौधरी, महिला कांस्टेबल रीतिमा अग्निहोत्री और महिला कांस्टेबल अंशिका शर्मा शामिल रहीं।

