जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई- मुख्य विकास अधिकारी

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई- मुख्य विकास अधिकारी

– एजेंसियों को मैनपावर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के दिए कड़े निर्देश

मऊ। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि जनपद की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में सुधार के लिए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिशासी अभियंता, जल निगम ने अवगत कराया कि जनपद में तीन एजेंसियों द्वारा हर घर जल योजना के अंतर्गत कार्य कराया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि तीनों एजेंसियों से उनके द्वारा कराए जा रहे कार्यों को पूर्ण करने की निर्धारित समयसीमा के संबंध में लिखित पत्र प्राप्त किया जाए। साथ ही, ऐसे स्थानों का चिन्हांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जहां योजना के अंतर्गत अभी तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने एजेंसियों द्वारा कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यदायी एजेंसियों को मैनपावर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, अधिशासी अभियंता जल निगम रामेश्वर दयाल, सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं सभी कार्यदायी एजेंसियों के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *