जिला कारागार में बंदियों की आंखों की जांच, 107 को चश्मे वितरित
सुल्तानपुर। जिला कारागार सुल्तानपुर में बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक प्रांजल अरविन्द के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बंदियों की आंखों की जांच कराई गई। जांच के दौरान आंखों से संबंधित समस्याओं से ग्रसित बंदियों को चिह्नित किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिविर में आंखों की समस्या से पीड़ित 99 पुरुष और आठ महिला बंदियों को चश्मे बनवाकर वितरित किए गए। इसके साथ ही जिन बंदियों को चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता है, उनके समुचित इलाज के लिए जेल चिकित्साधिकारी से अनुरोध किया गया। जेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।

