मड़ार बकुलिया में बाढ़ से टूटा संपर्क मार्ग, बह गया पुल
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रयागराज। मांडा क्षेत्र के मड़ार बकुलिया गांव में बीते 18 अगस्त को आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नदी के पट जाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा बह गया, जबकि संपर्क मार्ग पर बना पुल भी क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
सड़क की स्थिति अत्यंत खराब होने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित है। रास्ते में करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के खेतों तक वाहन और कृषि उपकरण नहीं पहुंच पा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी कई बार निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
इस दौरान राजू मिश्रा, राजकुमार पटेल, विद्याशंकर कुशवाहा, राहुल यादव, रोहित मिश्रा सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण मौजूद
रहे।

