जर्जर सहकारी खाद गोदाम का बरामदा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

जर्जर सहकारी खाद गोदाम का बरामदा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

चौकीदार और उसकी पत्नी समेत आधा दर्जन लोगों की बची जान, मरम्मत में लापरवाही पर उठे सवाल

प्रयागराज। झूंसी थाना क्षेत्र व ब्लॉक बहादुरपुर अंतर्गत ईसीपुर में शनिवार शाम करीब 5:15 बजे प्राथमिक विद्यालय के सामने स्थित पुराने सहकारी खाद गोदाम का जर्जर बरामदा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में चौकीदार और उसकी पत्नी समेत आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

चौकीदार हीरामणि ने बताया कि वह अपनी पत्नी बिमला देवी समेत आधा दर्जन लोगों के साथ बरामदे में बैठे थे। तभी प्लास्टर का एक टुकड़ा नीचे गिरा। बिमला देवी के पूछने पर चौकीदार ने खतरे को भांपते हुए सभी को बाहर निकलने को कहा। लोग जैसे ही बाहर निकले और महज एक फीट आगे बढ़े, तभी पूरा बरजा भरभराकर गिर गया।

इसी जर्जर भवन में सहकारी खाद का भंडारण और बिक्री होती है। संयोग रहा कि शनिवार को खाद बिक्री नहीं हो रही थी, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। घटना की सूचना संचालक कमलेश मिश्रा को दी गई।

स्थानीय किसान कृष्ण कुमार, विजय कुमार और जय सिंह ने बताया कि गोदाम की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत और सुरक्षा जांच की मांग की। जर्जर भवन में खाद का भंडारण और बिक्री होने से किसानों व कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *