वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी का ड्रामा फ्लॉप शो- केशव प्रसाद मौर्य 

वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी का ड्रामा फ्लॉप शो- केशव प्रसाद मौर्य

यूपी में सपा आएगी नहीं, भाजपा जाएगी नहीं

प्रयागराज। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी का जो सारा ड्रामा है, यह फ्लॉप शो है। इसे जनता का समर्थन नहीं है। जनता ने इन लोगों को नकार दिया है। ये तख्तापलट के लिए देश के दुश्मनों से हाथ मिलाने की कोशिश जरूर कर रहे हैं। भारत में तख्तापलट नहीं होता है।

डिप्टी सीएम ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत में तख्त पे जनता बैठाती है और तख्त से जनता ही उतारती है। कहा कि कांग्रेस का आचरण संविधान विरोधी है, लोकतंत्र विरोधी है, जनविरोधी है। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं। इसकी सजा जनता उन्हें देगी। जहां भी चुनाव होंगे वहां कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों को सजा मिलेगी। डिप्टी सीएम ने एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव पर भी हमला बोला।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रहे हैं, इस समय सांसद हैं। नागरिक किसको मानना है, किसको नहीं मानना है, यह देश का गृह मंत्रालय तय करता है। और चुनाव आयोग के द्वारा जो प्रक्रिया चल रही है, उसमें अखिलेश यादव और राहुल गांधी जैसे लोग मिलकर साजिश कर रहे हैं। बहुत सारे ऐसे मतदाताओं के नाम कटवाना और घुसपैठियों के नाम जुड़वाना ये इनकी साजिश है। ये इस प्रकार का अभियान चला रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इनकी साजिश से सतर्क है। हम लोग अभी जो मतदाता सूची में नाम जोड़ने, गलत नाम काटने का अभियान है, हमारे कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर उसमें लगे हैं।

केशव मौर्या ने कहा कि तीसरी बार 30 साल तक भाजपा की सरकार बनेगी। बार-बार भाजपा की सरकार बनती रहेगी। सपा यूपी में आएगी नहीं, भाजपा यूपी से जाएगी नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *