एसपी ने 16 लाख के खोए मोबाइल 103 मालिकों को सौंपे
– गैर जनपद व दूसरे राज्यों से भी बरामद हुए मोबाइल
फोटो परिचय- (7) वास्तविक स्वामियों को मोबाइल सौंपते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
फतेहपुर। मोबाइल फोन खोने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर मंगलवार को उस समय मुस्कान लौट आई, जब पुलिस ने 103 लोगों के खोए हुए मोबाइल बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीईआईआर पोर्टल की मदद से करीब 16 लाख रुपए कीमत के मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में एसपी ने मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीम को सक्रिय कर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगातार निगरानी कराई गई। पुलिस के प्रयासों से जिले के अलावा गैर जनपदों और दूसरे राज्यों से भी विभिन्न कंपनियों के 103 मोबाइल बरामद किए गए। इस अभियान में कोतवाली के आठ, मलवां के सात, खागा के छह, किशनपुर के चार, बिंदकी के 13, जहानाबाद के आठ, गाजीपुर के 14, थरियांव के सात, हथगाम के छह और राधानगर के आठ मोबाइल समेत अन्य थानों से भी बरामदगी हुई। एसपी ने बताया कि पिछले माह बरामद 132 मोबाइल में से छह उनके स्वामियों को मिल चुके हैं, जबकि शेष 126 मोबाइल मालिकों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो लोग जिला मुख्यालय या संबंधित थाने तक नहीं पहुंच सकते, पुलिस उनके घर जाकर मोबाइल सुपुर्द करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीईआईआर पोर्टल पर अधिकांश शिकायतें मोबाइल खोने या गिरने की होती हैं, लेकिन चोरी और छिनैती के मामले सामने आने पर पुलिस उनकी जांच कर सुराग जुटाती है। किसी गिरोह की संलिप्तता मिलने पर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। इस बरामदगी में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की सीसीटीएनएस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

